बैरिकेडिंग पर प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की के बाद बिगड़े हालात, पुलिस का दावा- बोतल, पत्थर और लकड़ी फेंकी गई; देर रात अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर
राजधानी में भाजपा और कांग्रेस के आमने-सामने आने से राजीव भवन के बाहर प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करते हुए पुलिस बल पर पथराव और कांच की बोतलें फेंकी, जिससे 16 पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। घटना के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने 12 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बैरिकेडिंग पर टकराव के बाद बढ़ा तनाव, 12 कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर
रायपुर। राजीव भवन घेराव के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बने तनावपूर्ण माहौल ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर पहुंचकर आगे बढ़ने की कोशिश की। रोकने पर धक्का-मुक्की हुई और इसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए।

पुलिस का आरोप- पत्थर, बोतलें और जूते फेंके
खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश कुमार गौतम के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके। इस हमले में पुलिस उपनिरीक्षक देवराज सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे सहित कुल 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
राजीव भवन के बाहर पहले से थी कड़ी सुरक्षा
प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजयुमो द्वारा प्रस्तावित राजीव भवन घेराव को देखते हुए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर बैरिकेडिंग तक पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप
पुलिस ने शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था बाधित की, बल्कि शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करते हुए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास भी किया। घटना के बाद थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया।
इन नेताओं के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर
घटना के बाद देर रात रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी भी ली।
राहुल गांधी के समर्थन में शुरू हुआ था विरोध
गौरतलब है कि मंगलवार रात राहुल गांधी के समर्थन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके विरोध में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राजीव भवन घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पुलिस के अनुसार स्थिति हिंसक हो गई।