जलभराव, बिजली संकट, शिक्षक की कमी, मुआवजा और दिव्यांग सहायता समेत कई समस्याएं पहुंचीं जनदर्शन; अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में गुरुवार को ग्रामीणों और शहरवासियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सबसे गंभीर शिकायत मस्तुरी क्षेत्र की रेशम पालन परियोजना में सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग की रही, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा किसानों ने जलभराव, नागरिकों ने बिजली व्यवस्था, ग्रामीणों ने स्कूल में शिक्षक की कमी और पीड़ितों ने मुआवजा सहित कई मुद्दों पर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
बिलासपुर। जनदर्शन कार्यक्रम में मस्तुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्राभांठा के सरपंच ने शासकीय भूमि पर संचालित रेशम पालन परियोजना में वित्तीय अनियमितताओं का मामला उठाया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि परियोजना से जुड़ी सरकारी राशि कई वर्षों से अलग-अलग खातों में जमा कर लाखों रुपए का गबन किया गया है। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जलभराव से किसानों की बढ़ी परेशानी
ग्राम सेंदरी और कछार के किसानों ने लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने की समस्या से अवगत कराया। किसानों का कहना था कि सीबीजी संयंत्र बनने के बाद बरसाती नाले का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है, जिससे खेतों में जलभराव हो रहा है और फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की।
ट्रांसफार्मर बदलने की मांग
मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के रहवासियों ने खराब ट्रांसफार्मर के कारण बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की।
हाई स्कूल में गणित शिक्षक नहीं
मस्तुरी ब्लॉक के धनगंवा शासकीय हाई स्कूल में गणित शिक्षक की कमी का मुद्दा भी जनदर्शन में उठा। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने बताया कि लंबे समय से पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों, विशेषकर बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
दिव्यांगों और ग्रामीणों ने रखीं व्यक्तिगत समस्याएं
सरकंडा निवासी दिव्यांग बबीता यादव ने ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। अमेरी निवासी रोहित कुमार ने मोपका गौशाला में रखी अपनी गाय वापस दिलाने की मांग की, जबकि ग्राम बाम्हू खैरा के दिव्यांग चंदन कुमार ने घर के समीप स्थित शासकीय तालाब में मत्स्य पालन की अनुमति देने का आवेदन सौंपा।
आग से नुकसान पर मुआवजे की गुहार
बेलगहना तहसील के ग्राम बहरामुड़ा निवासी लक्ष्मण सिंह ने शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग के कारण हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पांच माह पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक सहायता राशि स्वीकृत नहीं हुई है।
समयबद्ध समाधान के निर्देश
जनदर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण करना है।