
रायपुर. रायपुर जिले में शादीशुदा महिला की लाश पड़ोसी युवक के घर में मिली है। पुलिस को शक है कि पड़ोसी युवक का महिला से अवैध संबंध था। महिला की लाश नग्न हालत में बिस्तर पर पड़ी थी। दोनों हाथ भी पलंग से बंधे हुए थे। आशंका है कि, पड़ोसी युवक ने ही, रेप के बाद महिला के दोनों हाथ को पलंग पर बांध दिया होगा। इसके बाद उसके सिर पर किसी भारी चीज से वारकर उसकी हत्या कर दी होगी। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला अपने पति (37 साल) और दो बच्चों के साथ अभनपुर थाना इलाके में रहती थी। उसका पति एक निजी फैक्ट्री में ऑपरेटर का काम करता है। वह 27 जनवरी को कंपनी के काम से नागपुर गया हुआ था। घर पर महिला अपने 2 बच्चों के साथ थी। 28 जनवरी को सुबह 10 बजे के करीब महिला की अपने पति से फोन पर बातचीत भी हुई। इसके बाद शाम 5 बजे उसके एक बेटे ने फोन पर बताया कि मां कहीं चली गई है। छोटा भाई रो रहा है। महिला का पति वापस गांव लौटा। उसने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पर फोन लगाकर पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तभी गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि पड़ोस के उत्तम साहू के घर पर एक महिला की लाश मिली है। आसपास खून बिखरा हुआ है। उसकी बेरहमी से हत्या हो गई है। साथ ही उत्तम साहू घर से फरार है।
लाश की शिनाख्त उसी महिला के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला और उत्तम साहू फोन पर बातचीत करते थे। इस पर महिला के पति ने रोक-टोक भी की थी। आशंका है आरोपी उत्तम ने पहले महिला को अपने घर बुलाया होगा। फिर उससे रेप की वारदात को अंजाम दिया। महिला के विरोध के बाद उसकी हत्या कर आरोपी फरार हुआ होगा। मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है। घटना स्थल को भी सील किया गया है और आरोपी की भी तलाश की जा रही है।