भोरमदेव क्षेत्र में सनसनी; फोरेंसिक जांच के बाद ही होगा मौत के कारणों का खुलासा
कवर्धा। कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र के ग्राम चौरा में सात दिन से लापता महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान 28 वर्षीय चैती बाई बैगा के रूप में हुई है। शव के अवशेष गांव से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों के बीच एक सेन्हा पेड़ के नीचे बिखरे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को जंगली जानवरों ने नोचकर अलग-अलग स्थानों पर बिखेर दिया।
26 जुलाई से थी लापता
पुलिस के अनुसार ग्राम चौरा निवासी झंगल बैगा ने 1 अगस्त को थाना भोरमदेव पहुंचकर अपनी पत्नी चैती बाई बैगा के लापता होने की सूचना दी। उसने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे उसकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी और वापस नहीं लौटी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों को आसपास के जंगल और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के निर्देश दिए गए।
पेड़ पर बंधी मिली साड़ी, नीचे बिखरे थे अवशेष
तलाशी के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को मृतिका के घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल-झाड़ियों के बीच एक सेन्हा पेड़ की डाल पर साड़ी का एक सिरा बंधा हुआ मिला। इसके नीचे और आसपास मानव खोपड़ी, पसलियां तथा पैरों की हड्डियां अलग-अलग स्थानों पर बिखरी हुई थीं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भोरमदेव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों ने सभी मानव अवशेषों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि शव को जंगली जानवरों ने क्षत-विक्षत कर अलग-अलग स्थानों पर घसीट दिया, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
चूड़ियों और पहचान चिह्नों से हुई शिनाख्त
मौके से बरामद चूड़ियों और अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान चैती बाई बैगा के रूप में की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कवर्धा भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।