ओपी चौधरी बोले— समय पर कर हस्तांतरण से विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को कर हस्तांतरण के तहत 1,09,019 करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने के निर्णय से छत्तीसगढ़ को बड़ी वित्तीय मजबूती मिली है। राज्य को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम कर हिस्सेदारी प्राप्त हुई है, जिसे अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में उपयोग किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा समय पर कर हस्तांतरण किए जाने से राज्यों की वित्तीय क्षमता मजबूत होती है और विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को मिली 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम कर हिस्सेदारी राज्य में अधोसंरचना निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा विकास परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। कर हिस्सेदारी की समयबद्ध उपलब्धता से योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंच सकेगा और विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं को भी आवश्यक वित्तीय आधार मिलेगा।
श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और समृद्ध एवं विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।