बांकीपुर सीट पर मतगणना के अतिरिक्त राउंड के बीच जन सुराज प्रमुख की निर्णायक बढ़त, दतिया में कांग्रेस और मंजलपुर में भाजपा ने दर्ज की जीत
पटना/भोपाल/अहमदाबाद। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणामों ने अलग-अलग राजनीतिक संदेश दिए हैं। बिहार की चर्चित बांकीपुर सीट पर मतगणना के अतिरिक्त चरणों के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस ने जीत हासिल की, जबकि गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज कर अपना कब्जा बरकरार रखा।
पटना/भोपाल/अहमदाबाद (ए)। तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम सामने आ गए हैं। बिहार की बांकीपुर सीट पर मतगणना के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस और गुजरात की मंजलपुर सीट भाजपा के खाते में गई है।
सबसे अधिक चर्चा बिहार की बांकीपुर सीट की रही, जहां मतगणना के दौरान राउंड की संख्या 31 से बढ़ाकर 36 कर दी गई। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पहले 31 राउंड प्रदर्शित किए गए थे, लेकिन बाद में अतिरिक्त चरण जोड़े गए। 32वें राउंड तक की मतगणना के अनुसार प्रशांत किशोर लगभग 19,246 मतों की बढ़त के साथ आगे चल रहे थे। उन्हें 63,946 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,700 वोट प्राप्त हुए।
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ मानी जाती है। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके लिए उपचुनाव कराया गया।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने 6,016 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा ने यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट बदलकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा.
उधर गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,630 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ भाजपा ने सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
इन तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। उपचुनावों के नतीजों को संबंधित राज्यों की राजनीति और आगामी चुनावी रणनीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।