चेन्नई पुलिस ने हिरासत में लिया, अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे; बयान पर सियासी घमासान तेज
चेन्नई (ए)। तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी और राजनीतिक विवाद में घिर गए हैं। चेन्नई पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं में मामला दर्ज कर मंगलवार को उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी की आशंका के बीच उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की है। मामले को लेकर राज्य की राजनीति में तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
विवाद की शुरुआत सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान हुई। उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर हमला बोल रहे थे, तभी भीड़ से “तृषा, तृषा” के नारे सुनाई दिए। आरोप है कि इस पर उन्होंने ऐसा बयान दिया जिसे अभिनेत्री तृषा के संदर्भ में आपत्तिजनक माना गया। बाद में उदयनिधि ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा केवल कावेरी के पानी की ओर था, किसी व्यक्ति विशेष की ओर नहीं।
घर के बाहर प्रदर्शन, समर्थकों को भी हिरासत में लिया
उदयनिधि के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे डीएमके कार्यकर्ताओं को भी चेन्नई पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
विपक्ष का हमला, माफी की मांग
टीवीके विधायक रेवंत चरण ने कहा कि इस बयान से डीएमके की राजनीतिक संस्कृति उजागर होती है। टीवीके नेता आधव अर्जुन ने उदयनिधि को “अश्लील निधि” बताते हुए उन पर राजनीतिक संवाद का स्तर गिराने का आरोप लगाया। तमिलनाडु भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की, जबकि भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने अभिनेत्री तृषा से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही।
डीएमके ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
डीएमके सांसद टी.आर. बालू ने कहा कि उदयनिधि ने किसी महिला का नाम नहीं लिया और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। पूर्व मंत्री टी. मनो थंगराज ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि कावेरी मुद्दे और डेल्टा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए इस विवाद को हवा दी जा रही है।
तृषा-विजय के संबंधों को लेकर फिर चर्चा
अभिनेत्री तृषा कृष्णन और विजय लंबे समय से तमिल फिल्म उद्योग की चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ी रहे हैं। दोनों ने कई सफल फिल्मों में साथ काम किया है और पिछले कुछ वर्षों से उनके संबंधों को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं। हालांकि दोनों कलाकारों ने कभी भी इन चर्चाओं की सार्वजनिक पुष्टि नहीं की है।
पहले भी विवादों में रहे हैं उदयनिधि
उदयनिधि स्टालिन इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। सितंबर 2023 में उन्होंने सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना जैसी बीमारियों से की थी, जिस पर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। मई 2026 में उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा में फिर कहा था कि सनातन समाज को विभाजित करता है और इसे समाप्त होना चाहिए, जिसके बाद विपक्ष ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की थी।