भारत समेत कई देशों में तकनीकी गड़बड़ी से हड़कंप; मेटा ने मानी गलती, कहा- सुरक्षा जांच के दौरान कुछ खाते गलती से प्रभावित हुए
नई दिल्ली (ए)। मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp पर सोमवार रात बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जब भारत सहित कई देशों के हजारों यूजर्स के अकाउंट अचानक ‘अंडर रीव्यू’ में डाल दिए गए। प्रभावित खातों में मैसेज भेजने, कॉल करने और अन्य प्रमुख सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की शिकायतों की बाढ़ आ गई, जबकि मेटा ने स्वीकार किया कि सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में कुछ खाते गलती से प्रभावित हो गए हैं।
यूजर्स के अनुसार, ऐप खोलते ही स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया कि उनका अकाउंट समीक्षा प्रक्रिया में है और उनकी गतिविधियों तथा डिवाइस संबंधी जानकारी की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्होंने WhatsApp की सेवा शर्तों का उल्लंघन नहीं किया है।
बिना किसी पूर्व सूचना के हुई कार्रवाई
यह समस्या भारतीय समयानुसार सोमवार रात करीब आठ बजे शुरू हुई। प्रभावित यूजर्स का कहना है कि अकाउंट को समीक्षा में डालने से पहले कंपनी की ओर से कोई चेतावनी, नोटिफिकेशन या स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसके चलते कई लोगों का व्यक्तिगत और व्यावसायिक संचार अचानक ठप हो गया।
24 घंटे तक फीचर्स रहे निष्क्रिय
‘अकाउंट इन रीव्यू’ संदेश के साथ 24 घंटे का टाइमर भी दिखाई दिया, जिसके दौरान मैसेजिंग और कॉलिंग सेवाएं पूरी तरह निष्क्रिय रहीं। स्क्रीन पर ‘जिम्मेदारी से WhatsApp का उपयोग कैसे करें’ और ‘चोरी हुए फोन व अकाउंट संबंधी जानकारी’ जैसे विकल्प भी उपलब्ध कराए गए।
मेटा ने कहा- कभी-कभी गलती हो जाती है
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए WhatsApp के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने और अन्य यूजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर खातों की जांच करती है। उन्होंने माना कि कभी-कभी वैध खातों पर भी कार्रवाई हो जाती है और ऐसी स्थिति में कंपनी उन्हें जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में बहाल करने का प्रयास करती है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा
प्रभावित यूजर्स ने एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी नाराजगी जताई। कई लोगों ने लिखा कि उन्होंने केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का उपयोग किया, फिर भी उनका अकाउंट बिना किसी कारण समीक्षा में डाल दिया गया। कुछ यूजर्स ने बताया कि उनका पूरा व्यवसाय WhatsApp पर निर्भर है, जिससे कामकाज पर सीधा असर पड़ा।
ऐसे होती है अकाउंट समीक्षा प्रक्रिया
WhatsApp की प्रक्रिया के अनुसार पहले अकाउंट ‘अंडर रीव्यू’ में जाता है, इसके बाद 24 घंटे तक फीचर्स सीमित रहते हैं। इस दौरान कंपनी की स्वचालित प्रणाली खाते की जांच करती है। यूजर अपील भी दर्ज कर सकता है और जांच पूरी होने के बाद अकाउंट या तो बहाल कर दिया जाता है अथवा गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर स्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
सर्वर संबंधी दिक्कत भी आई सामने
इसी दौरान डाउनडिटेक्टर पर भारत, अमेरिका, ब्रिटेन सहित कई देशों के यूजर्स ने WhatsApp सेवाओं में बाधा की शिकायत दर्ज कराई। विशेष रूप से फोटो, वीडियो और स्टेटस अपडेट भेजने में समस्या देखी गई, हालांकि टेक्स्ट मैसेज की सुविधा अधिकांश स्थानों पर सामान्य रही। बाद में कंपनी ने सेवाओं के सामान्य होने की पुष्टि की।