चलती कार के बोनट और सनरूफ पर युवाओं की करतूत; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी
रायपुर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में युवाओं द्वारा जानलेवा स्टंट करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में नवा रायपुर और बिलासपुर से ऐसे ही दो अलग-अलग वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें युवक और युवतियां चलती कार के बोनट और सनरूफ पर खतरनाक हरकतें करते दिखाई दे रहे हैं। इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले मामले में नवा रायपुर में कुछ युवक आधी रात चलती कार के बोनट पर लेटकर और वाहन पर चढ़कर रील बनाते नजर आए। दूसरे मामले में बिलासपुर के कोनी-सेंदरी रोड स्थित नेशनल हाईवे पर दो युवतियां चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो शूट करती दिखाई दीं। दोनों घटनाओं के वीडियो राहगीरों ने रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
नवा रायपुर में बोनट पर लेटकर बनाई रील
सोमवार रात नवा रायपुर की सड़कों पर कुछ युवकों ने चलती कार में खतरनाक स्टंट किया। कोई बोनट पर लेटा दिखाई दिया, तो कुछ युवक वाहन की छत और सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो शूट करते रहे। कुछ सेकंड की रील के लिए युवकों ने न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में डाल दी।

बिलासपुर हाईवे पर सनरूफ से बाहर निकलीं युवतियां
बिलासपुर के कोनी-सेंदरी मार्ग पर एक कार की सनरूफ से बाहर निकलकर दो युवतियां मोबाइल से वीडियो बनाती और बाल संवारती दिखाई दीं। दूसरी कार में सवार लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। हाईवे पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई की मांग
दोनों वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कई यूजर्स का कहना है कि पुलिस रीलबाजी और स्टंटबाजी रोकने के लिए अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कहा कि यदि स्टंटबाजी या सड़क पर रील बनाने जैसी गतिविधियों में कोई नाबालिग शामिल पाया जाता है, तो उसके अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी जाएगी और माफीनामा भी भरवाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा ऐसी हरकत होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें।