निजीकरण, टाउनशिप और कर्मचारियों के हितों के मुद्दे पर राजभवन मार्च; दो वार्डों में स्मार्ट मीटर बदलने के आवेदन फॉर्म भी वितरित होंगे
रायपुर। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से जुड़े रोजगार, निजीकरण और टाउनशिप के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान और पदयात्रा शुरू की। ‘भिलाई बचाओ पदयात्रा’ के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई से टाटीबंध होते हुए रायपुर पहुंचे और राजभवन की ओर कूच किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों और कथित अनियमितताओं के कारण बीएसपी से जुड़े कर्मचारियों, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पदयात्रा का उद्देश्य भिलाई स्टील प्लांट के निजीकरण की आशंकाओं, रोजगार के अवसरों में कमी, टाउनशिप संबंधी समस्याओं और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। यात्रा के दौरान स्मार्ट मीटर बदलवाने के लिए आवेदन फॉर्म भी लोगों के बीच वितरित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों को संगठित रूप से संबंधित विभाग तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह टाटीबंध स्थित भारत माता स्कूल के पास एकत्र हुए, जहां से पदयात्रा कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुई। इसके बाद शंकर नगर स्थित राजीव भवन और गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें उनके राजनीतिक योगदान और आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
शाम को शहर के दो वार्डों में स्मार्ट मीटर बदलने के लिए आवेदन फॉर्म वितरण अभियान चलाया जाएगा। पहला कार्यक्रम मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक-47 के श्याम नगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में तथा दूसरा कार्यक्रम भगवती चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-57 के अरविंद नगर क्षेत्र में आयोजित होगा, जहां कांग्रेस नेता नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी देंगे।