चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने रद्दीकरण आदेश वापस लिया, अक्टूबर और नवंबर की तय तारीखों पर चलेगी ट्रेन
बिलासपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए हैदराबाद-रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस की पूर्व में रद्द की गई सभी निर्धारित यात्राओं को बहाल कर दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों के लिए लगाए गए मेगा ब्लॉक के कारण इस ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया था। अब कार्य पूरा होने के बाद रद्दीकरण आदेश वापस ले लिया गया है और ट्रेन अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कंसबहाल-धारुआडीही रेलखंड पर अनुरक्षण कार्य समय से पूरा होने के बाद परिचालन सामान्य कर दिया गया है। इसके चलते हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस तथा रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस दोनों सेवाओं को बहाल करने का निर्णय लिया गया है।
गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 8 और 15 अक्टूबर तथा 5 और 12 नवंबर को हैदराबाद से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 11 और 18 अक्टूबर तथा 8 और 15 नवंबर को रक्सौल से अपने तय समय पर प्रस्थान करेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या NTES ऐप के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।