100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से पुलिस पहुंची आरोपियों तक, एक युवक गिरफ्तार व तीन नाबालिग अभिरक्षा में; हथियार, बाइक और लूटी गई नगदी बरामद
दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। घटनास्थल से लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी भी बरामद की गई हैl
दुर्ग। दुर्ग-धमधा रोड पर लूटपाट के दौरान युवक की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी जेवरा सिरसा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और लगातार फील्ड वर्क के आधार पर वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की देर रात चोवाराम लोधी अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। देर रात करीब दो बजे जब वे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने पहुंचे, तभी काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने पहले विवाद शुरू किया और फिर डंडों से हमला कर दिया।
लूट का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
मारपीट के दौरान आरोपियों ने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से लगातार वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं अन्य आरोपियों ने उनके साथियों से भी मारपीट कर करीब चार हजार रुपये लूट लिए और धमधा की ओर फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने प्रकाश सिंह कश्यप को मृत घोषित कर दिया।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज बने जांच की अहम कड़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा और आसपास के मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का घंटों विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर से मिली सूचनाओं का मिलान कर संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग अभिरक्षा मे
जांच के दौरान पुलिस ने आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
हथियार, बाइक और लूटी गई रकम बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सुनसान सड़क पर राहगीरों को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देर रात सुनसान मार्गों पर मोटरसाइकिल सवार लोगों को रोककर पहले विवाद करते थे। इसके बाद मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास करते थे। विरोध होने पर धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो जाते थे।ñ
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। समय पर मिली सूचना अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।