आड़ावाल स्थित जिला रोजगार कार्यालय में निजी कंपनियां करेंगी 219 पदों पर भर्ती, 8 से 26 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
जगदलपुर। बस्तर अंचल के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, आड़ावाल द्वारा 10 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में तीन निजी कंपनियां विभिन्न श्रेणियों के कुल 219 रिक्त पदों पर सीधे भर्ती करेंगी। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 8 हजार से 26 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र परिसर, आड़ावाल में आयोजित होगा। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, इलेक्ट्रिशियन तथा फिटर ट्रेड से जुड़े अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान कंपनियां बिलिंग ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, हाउसकीपिंग स्टाफ, एचआर एग्जीक्यूटिव, सर्विस इंचार्ज, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टोर कीपर, स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर और सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित कई पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित करेंगी।
जिला रोजगार कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक उम्मीदवारों को रोजगार मेले में शामिल होने से पहले विभाग के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/LandingSite/RojgarMelaList.aspx पर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति, पहचान पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा मोबाइल फोन के साथ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, आड़ावाल पहुंचना होगा।
रोजगार विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह मेला स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप योग्य उम्मीदवारों का चयन करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।