जन शिकायत सही मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई; कारोबारी जसवीर सिंह खनूजा को भविष्य में नियम उल्लंघन न करने की चेतावनी
रायपुर नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए VIP रोड स्थित बेबीलान टावर परिसर के संचालक पर कार्रवाई की है। मुख्य सड़क किनारे निर्माण मलबा फेंके जाने की शिकायत सही पाए जाने पर निगम ने कारोबारी जसवीर सिंह खनूजा पर 25 हजार रुपए का ई-चालान जारी किया और दोबारा ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी।
रायपुर। नगर निगम ने VIP रोड स्थित बेबीलान टावर के पास सार्वजनिक सड़क किनारे निर्माण मलबा डंप किए जाने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने व्यावसायिक परिसर के संचालक जसवीर सिंह खनूजा पर 25 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मुख्य सड़क के किनारे बड़ी मात्रा में निर्माण मलबा फेंके जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलसुबह मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बैरोन बंजारे, उमेश नामदेव और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी ने पाया कि संबंधित व्यावसायिक परिसर की ओर से सड़क किनारे काफी मात्रा में निर्माण मलबा डाला गया था। इससे न केवल आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
जांच पूरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संचालक के खिलाफ 25 हजार रुपए का ई-चालान जारी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मलबा या कचरा फेंकने की पुनरावृत्ति होने पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और निर्माण मलबा निर्धारित स्थानों पर ही डंप करें, ताकि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखा जा सके।