भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हिंदू संगठनों का प्रदर्शन; सिविल लाइन क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई, भाजपा ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने के बाद राजधानी रायपुर में शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा की शिकायत और हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर विभिन्न संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के निवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। अरुण पन्नालाल के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सावन माह के दौरान इस तरह की कथित टिप्पणी धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली है और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पोस्ट सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।