बलरामपुर के कुसमी में 110 मिमी वर्षा; रायपुर समेत कई जिलों में आज गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने लगा है। मौसम विभाग ने रविवार को भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में बलरामपुर जिले के कुसमी में सबसे अधिक 110 मिमी (11 सेमी) वर्षा दर्ज की गई।
बंगाल-ओडिशा के सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर ओडिशा के ऊपर सक्रिय मौसमी तंत्र का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। इसके कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है।
राजधानी में रातभर बरसते रहे बादल
शनिवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई, जिसके बाद रातभर रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहा। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुसमी में सबसे अधिक 110 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में बलरामपुर जिले के कुसमी में 110 मिमी, दौरा कोचली में 90 मिमी, भोपालपट्टनम और बलरामपुर में 70-70 मिमी तथा बरमकेला में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामानुजगंज, कुकदूर, लटोरी, जशपुरनगर, नया बरादवार, चांपा, सरिया, लखनपुर, शिवरीनारायण, सन्ना और पेंड्रा में 50-50 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी 30 से 40 मिमी तक बारिश हुई।
रायपुर में आज भी बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
अगले दो दिन सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।