हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर हालात की जानकारी ली; राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए भेजी जाएगी सहायता राशि
रायपुर। असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदनशीलता और अंतरराज्यीय सहयोग का परिचय देते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और संकट की इस घड़ी में असम की जनता के साथ हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा केवल एक राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और एकजुटता के साथ खड़ी है तथा राहत और पुनर्वास कार्यों में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि असम में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र सामान्य जीवन में लौटने की कामना की।
दूरभाष वार्ता के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से राहत कार्यों को मजबूती मिलेगी और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।
राज्य सरकार ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय की भावना देश की संघीय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।