वित्त मंत्री ओपी चौधरी बोले- महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सम्मान को मजबूत बना रही राज्य सरकार की पहल
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई मजबूती दे रही है और परिवार की वित्तीय व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ा रही है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को भी मजबूत कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक निर्णयों में अधिक भागीदारी दिलाना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन और जनकल्याण की सोच के अनुरूप राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और यह योजना छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।
राज्य सरकार के अनुसार, योजना के नियमित क्रियान्वयन से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है और उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।