PSC-SSC भर्ती विवाद को लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, रांची में JCB पर चढ़कर प्रदर्शन; ABVP ने विधानसभा मार्च का किया आह्वान
रांची (ए)। झारखंड में PSC-SSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्यव्यापी झारखंड बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान रांची समेत कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया, टायर जलाकर जाम लगाया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रांची में JCB पर चढ़कर प्रदर्शन, कई स्थानों पर सड़क जाम
राजधानी रांची में बंद समर्थक JCB मशीन पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। विभिन्न इलाकों में टायर जलाकर यातायात बाधित किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा दुकानों को बंद कराने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
विधानसभा मार्च के लिए जुटे ABVP कार्यकर्ता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्र आंदोलन के समर्थन में विधानसभा मार्च की घोषणा की है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा परिसर के आसपास एकत्र हुए हैं। संभावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
सोमवार के प्रदर्शन में 100 से अधिक छात्र घायल
सोमवार को रांची में हजारों छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकले थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा गेट तक पहुंचने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में 100 से अधिक छात्र घायल हुए।
कई छात्रों को गंभीर चोटें, पुलिसकर्मी भी हुए घायल
सदर अस्पताल में 10 घायल छात्रों को गंभीर हालत में लाया गया, जिनमें तीन को भर्ती करना पड़ा। कई छात्रों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, झड़प के दौरान रांची पुलिस के करीब 14 जवान भी घायल हुए, जिनमें एक पुलिसकर्मी अंजनी यादव को गंभीर चोट लगने पर धुर्वा स्थित निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।