रांची में पुलिस वैन के आगे बैठे और सड़क पर लेट गए प्रदर्शनकारी; भाजपा के झारखंड बंद से कई शहरों में प्रदर्शन और जाम
रांची (ए)। झारखंड विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विधानसभा घेराव अभियान शुरू किया। रांची की पुरानी विधानसभा के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। पुलिस द्वारा हिरासत में लेने की कोशिश के दौरान कई प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए और कुछ पुलिस वैन के आगे बैठकर उसे आगे बढ़ने से रोकते रहे। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने रोका मार्च
ABVP कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना और नारेबाजी शुरू कर दी। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई भी की गई।
भाजपा के झारखंड बंद से कई जिलों में असर
छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा ने मंगलवार को राज्यव्यापी झारखंड बंद का आह्वान किया। रांची समेत कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम कीं, टायर जलाए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कुछ स्थानों पर दुकानों को बंद कराने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने कई शहरों में बंद समर्थकों को हिरासत में लिया।
भर्ती परीक्षा विवाद से भड़का आंदोलन
भाजपा ने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार छात्रों की मांगों पर बातचीत करने के बजाय बल प्रयोग कर रही है। सोमवार को PSC-SSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में हजारों छात्रों ने विधानसभा मार्च किया था।
लाठीचार्ज में 100 से अधिक छात्र घायल
सोमवार के प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा परिसर की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में 100 से अधिक छात्र घायल हुए, जिनमें कई के हाथ और पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। वहीं, रांची पुलिस के लगभग 14 जवान भी झड़प में घायल हुए।
सरकार से वार्ता बेनतीजा, छात्र अब मुख्यमंत्री से बातचीत पर अड़े
सरकार और छात्र संगठनों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई अंतिम समाधान नहीं निकल पाया है। सरकार ने छात्रों की नौ मांगों में से छह को स्वीकार करने की बात कही है, जबकि आंदोलनकारी अब सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वार्ता की मांग पर अड़े हुए हैं।