तीन दिन तक हल्की से मध्यम वर्षा के संकेत, इसके बाद मानसून फिर पकड़ सकता है जोर; बिलासपुर में अरपा नदी का जलस्तर बढ़ा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में फिलहाल कुछ कमी आने के संकेत हैं, लेकिन मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक वर्षा की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रह सकती है, जबकि इसके बाद मानसूनी गतिविधियों में दोबारा तेजी आने की संभावना है।
बिलासपुर में बारिश से जलभराव, अरपा नदी उफान पर
बिलासपुर में सोमवार सुबह से शाम तक हुई बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया। लगातार वर्षा से अरपा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन जलभराव वाले इलाकों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
प्रदेश में अब तक सामान्य से पांच प्रतिशत कम वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य से लगभग पांच प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
रायपुर में बादल और बौछारों के आसार
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नरहरा वाटरफॉल में बड़ा हादसा टला
धमतरी जिले के नरहरा वाटरफॉल में रविवार को तेज बहाव के बीच दो युवक बह गए थे। दोनों करीब 50 फीट तक पानी के साथ बहते चले गए, लेकिन वाटरफॉल पर लगी रेलिंग का सहारा मिलने से वे खुद को संभाल सके। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तापमान में भी दिखा अंतर
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।