संजय नगर में पुलिस की दबिश; आधार, राशन कार्ड और पासपोर्ट मिलने से जांच तेज, परिजनों की तलाश जारी
रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर इलाके में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले करीब 26 वर्षों से रायपुर में रह रहा था। आरोपी वाहन मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था और उसके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित भारतीय दस्तावेज तथा भारतीय पासपोर्ट भी मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
बचपन में माता-पिता के साथ आया था रायपुर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख रेहान (31) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2000 में लगभग पांच वर्ष की आयु में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था और तब से यहीं रह रहा था। उसने स्थानीय स्तर पर पढ़ाई की और बाद में टिकरापारा क्षेत्र में वाहन मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
किराए के मकान में रह रहा था, सूचना पर हुई कार्रवाई
रेहान संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। हाल ही में उसके दोबारा रायपुर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके माता-पिता और अन्य परिजनों की तलाश कर रही है।
पिछले साल अभियान के दौरान चला गया था बांग्लादेश
जांच में सामने आया है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पिछले वर्ष चलाए गए अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ रायपुर से कोलकाता होते हुए सड़क मार्ग से बांग्लादेश चला गया था। कुछ महीने बाद वह दोबारा भारत लौटा और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट भी मिला
पुलिस का दावा है कि आरोपी और उसके माता-पिता ने रायपुर में आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट भी था और वह वीजा के माध्यम से बांग्लादेश स्थित अपने पैतृक गांव पार्वतीपुर आता-जाता था। दस्तावेजों की वैधता और उन्हें किस प्रकार प्राप्त किया गया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पिछले महीने भी संजय नगर से एक और बांग्लादेशी पकड़ा गया
संजय नगर इलाके से पिछले महीने जमाल करीम (42) नामक एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2013 में रायपुर आया था और यहां कबाड़ का कारोबार कर रहा था। उसके पास भी आधार कार्ड और अन्य भारतीय दस्तावेज पाए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि उसकी पहली पत्नी बांग्लादेश में रहती है, जबकि उसने ओडिशा में दूसरी शादी कर रखी है।
डिटेंशन सेंटर में रखा गया, डिपोर्ट की तैयारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रायपुर केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस ने उनकी जानकारी गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भेज दी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेशभर में जारी है अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान
रायपुर के अलावा दुर्ग, बीजापुर, सरगुजा और राजनांदगांव संभाग में भी अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में पिछले वर्ष भी कई संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।