स्वतंत्रता दिवस समारोह में जगदलपुर मुख्यालय पर करेंगे ध्वजारोहण, परेड की सलामी लेकर देंगे राज्य सरकार का संदेश
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे 15 अगस्त को ऐतिहासिक लालबाग मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम राज्य सरकार का संदेश पढ़ेंगे।
राज्य सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जगदलपुर के लालबाग मैदान में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह पारंपरिक गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, सुरक्षा बलों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ समारोह का आयोजन किया जाएगा।