23 राइडर्स के दल के साथ बस्तर जा रही थी रिद्धि ठक्कर; मरकाटोला घाटी में हादसा, गंभीर हालत में धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, ट्रेलर चालक फरार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के NH-30 पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइकर की मौत हो गई। मृतका की पहचान मुंबई के कांदिवली वेस्ट निवासी रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। वह 23 राइडर्स के समूह के साथ रायपुर से बस्तर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी के पास एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए उन्हें पहले चारामा स्वास्थ्य केंद्र और बाद में धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मरकाटोला घाटी में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त की सुबह 23 राइडर्स का दल रायपुर से कांकेर और बस्तर की ओर रवाना हुआ था। समूह के कुछ सदस्य कार से भी यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि रिद्धि समेत कुछ अन्य राइडर्स पीछे रह गए।
इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र में मरकाटोला घाटी के पास रिद्धि की बाइक एक ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होते ही साथ चल रहे बाइकर्स और स्थानीय लोगों ने तत्काल उनकी मदद शुरू की।
चारामा से धमतरी किया गया रेफर
घायल रिद्धि को डायल-112 की सहायता से चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुरूर पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे में शामिल ट्रेलर की पहचान करने के साथ चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के क्षेत्र और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुंबई की रहने वाली थीं रिद्धि
रिद्धि ठक्कर मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थीं। बताया गया है कि वह अपनी बाइक MH 12 SP 0835 से रायपुर पहुंची थीं और इसके बाद बाइकर्स के दल के साथ बस्तर की यात्रा पर निकली थीं। रिद्धि सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 16 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
परिजन मुंबई से पहुंचेंगे
हादसे की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। परिजन मुंबई से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुए हैं। पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचाया जाएगा, जहां से परिजन उसे मुंबई ले जाएंगे।