विवाद के बाद युवक छत पर चला गया था; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
दुर्ग। अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी परिचित युवती के घर आयोजित एक निजी पार्टी में शामिल होने गया था, जहां देर रात विवाद होने के बाद वह घर की छत पर अचेत अवस्था में मिला। युवती और अन्य मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर लगाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के अलावा उसकी एक सहेली, सहेली का मित्र और एक अन्य परिचित युवती भी मौजूद थे। सभी ने साथ बैठकर शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद सिद्धांत घर की छत पर चला गया। कुछ समय बाद जब अंजलीना उसे देखने पहुंची तो वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे होश में लाने का प्रयास किया गया और प्राथमिक जीवनरक्षक प्रक्रिया (सीपीआर) भी दी गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और दोनों के विवाह की चर्चा चल रही थी।
पुलिस ने घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। युवक पहले निजी क्षेत्र में कार्यरत था, जबकि युवती नर्सिंग की छात्रा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।