लक्ष्मी मित्तल की कंपनी के क्रिवी रिह प्लांट को बनाया निशाना; 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल, उत्पादन से जुड़े कई अहम हिस्सों को नुकसान
कीव (ए)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शनिवार रात रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइल हमले किए। क्रिवी रिह शहर में भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को भी निशाना बनाया गया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल हुए हैं। मिसाइल हमले से प्लांट की ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद उत्पादन से जुड़ी कुछ गतिविधियां अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं। हमले की सूचना मिलते ही दमकल, राहत एवं बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रभावित हिस्सों में राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। प्लांट यूक्रेन के सबसे बड़े स्टील उत्पादन केंद्रों में शामिल है, इसलिए हमले का असर औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ने की आशंका है।
2022 में भी निशाना बन चुका है प्लांट
क्रिवी रिह स्थित इस स्टील प्लांट पर रूसी सेना पहले भी हमला कर चुकी है। वर्ष 2022 में हुए मिसाइल हमले में प्लांट की एक रोलिंग मिल को भारी नुकसान पहुंचा था और एक कर्मचारी की जान चली गई थी। प्लांट में स्टील उत्पादन के लिए बड़े ब्लास्ट फर्नेस और कई अन्य महत्वपूर्ण उत्पादन इकाइयां हैं। ताजा हमले में इन्हीं उत्पादन प्रणालियों से जुड़े कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। कंपनी ने सुरक्षा और नुकसान के आकलन के चलते कुछ काम फिलहाल रोक दिया है।
कीव समेत कई शहरों पर हमले
रूस की ओर से यूक्रेन के अन्य इलाकों को भी निशाना बनाया गया। राजधानी कीव में मिसाइल हमले के बाद कई स्थानों से धुआं उठता दिखाई दिया। हमले में एक बुक मार्केट के तबाह होने की भी जानकारी सामने आई है। स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं।
यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में किया ड्रोन हमला
रूसी हमलों के जवाब में यूक्रेन ने रूस के मॉस्को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। ड्रोन हमले के दौरान रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक वेयरहाउस में आग लगने की सूचना है। यह वेयरहाउस मॉस्को से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित बताया गया है।
रूसी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा
यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उसने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन के उत्पादन से जुड़ी एक फैक्ट्री को भी निशाना बनाया। दोनों देशों के बीच लगातार जारी मिसाइल और ड्रोन हमलों से युद्ध के और लंबा खिंचने की आशंका बनी हुई है।