वैज्ञानिक ने लोगों को 14 दिन का राशन, पानी और नकदी रखने की सलाह दी; ऑनलाइन बैंकिंग से लेकर रोजगार तक पर खतरे की आशंका जताई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती क्षमताओं ने जहां दुनिया में नई संभावनाएं खोली हैं, वहीं इसके अनियंत्रित इस्तेमाल को लेकर चिंताएं भी गहराने लगी हैं। AI सुरक्षा से जुड़े वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने चेतावनी दी है कि वर्ष 2027 तक इसके कारण गंभीर वैश्विक संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने साइबर हमलों, बैंकिंग सेवाओं में बाधा और मानवीय सुरक्षा पर संभावित खतरे का जिक्र करते हुए लोगों को आपात स्थिति के लिए 14 दिन का जरूरी सामान और नकदी सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
बर्कले (ए)। तकनीक की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता प्रभाव अब सुरक्षा विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। AI के विकास की मौजूदा रफ्तार और उस पर मानवीय नियंत्रण को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। इसी बीच वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने एक पत्र जारी कर आगाह किया है कि यदि AI पर नियंत्रण कमजोर होता गया तो 2027 में दुनिया को बड़े स्तर पर संकट का सामना करना पड़ सकता है।
युर्कोविच के अनुसार, AI के कारण साइबर सुरक्षा, वित्तीय व्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि ऑनलाइन बैंकिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित हो सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए उन्होंने घरों में कम से कम 14 दिनों का राशन, पीने का पानी और नकदी रखने की सलाह दी है।
मानवीय नियंत्रण कमजोर होने की चिंता
वैज्ञानिक का कहना है कि AI की क्षमताएं इतनी तेजी से विकसित हो रही हैं कि कई मामलों में इंसानों के लिए इसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है। उनके मुताबिक, इस वर्ष AI की मदद से कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं ने भविष्य के खतरों को लेकर चिंता बढ़ाई है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आने वाले समय में इसके दुष्परिणाम केवल आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि मानव जीवन के लिए भी जोखिम पैदा कर सकते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना महामारी के दौरान दुनिया में 71 लाख से अधिक मौतें दर्ज की गई थीं। हालांकि, वास्तविक मृतकों की संख्या इससे काफी अधिक होने का अनुमान लगाया गया है। AI से संभावित मौतों को लेकर की गई आशंकाओं की फिलहाल कोई प्रमाणित वैज्ञानिक पुष्टि नहीं है।
2030 तक मानव अस्तित्व पर भी जताई आशंका
युर्कोविच ने चेतावनी दी है कि यदि AI के विकास की गति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो 2030 के अंत तक मानवता के अस्तित्व पर गंभीर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने ऐसी स्थिति की आशंका 50 प्रतिशत तक बताई है। इसके अलावा उनका मानना है कि अगले एक दशक में मौजूदा रोजगार के बड़े हिस्से पर AI का प्रभाव पड़ सकता है और कई पारंपरिक नौकरियां समाप्त हो सकती हैं।
दिग्गज विशेषज्ञ भी जता चुके हैं चिंता
AI के संभावित खतरों को लेकर अन्य प्रमुख वैज्ञानिक भी आगाह कर चुके हैं। AI शोधकर्ता योशुआ बेंजियो का कहना है कि दुनिया ऐसे सिस्टम विकसित कर रही है, जिनकी क्षमताओं को नियंत्रित करने के तरीके अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। वहीं नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने भी AI के तेजी से विकसित होने और भविष्य में मानव नियंत्रण से बाहर जाने की आशंका जताई है।
हथियार और ड्रोन के इस्तेमाल का भी खतरा
विशेषज्ञों को आशंका है कि भविष्य में AI की मदद से स्वायत्त हथियार, ड्रोन और रोबोट विकसित किए जा सकते हैं। इनका इस्तेमाल संवेदनशील ठिकानों पर हमले या कब्जे जैसी गतिविधियों में हो सकता है। जैविक हथियारों के निर्माण में AI के दुरुपयोग की आशंका भी जताई गई है।
AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो के मुताबिक, यदि भविष्य में AI स्वतंत्र रूप से फैसले लेने लगे और इंसानों को अपने उद्देश्यों में बाधा मानने लगे, तो उसे नियंत्रित करना बेहद कठिन हो सकता है।