बातचीत बंद करने से नाराज था युवक; दो बच्चे भी चपेट में आए, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। सावन सोमवार पर शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रही 35 वर्षीय महिला पर युवक ने बैटरी का केमिकल फेंक दिया। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में महिला का चेहरा झुलस गया, जबकि उसके साथ मौजूद दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में महिला के बातचीत बंद करने से आरोपी के नाराज होने की बात सामने आई है।
बातचीत बंद होने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार महिला और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। करीब छह महीने पहले दोनों एक कंपनी में साथ काम करते थे। इसी दौरान उनकी जान-पहचान हुई थी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

महिला ने करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। पिछले कुछ समय से वह आरोपी से बातचीत नहीं कर रही थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसी बात से नाराज होकर आरोपी द्वारा हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मंदिर जाते समय रास्ते में किया हमला
सोमवार को महिला दुर्ग से धमधा की ओर शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर बैटरी का केमिकल फेंक दिया। अचानक हुए हमले से महिला का चेहरा झुलस गया। साथ मौजूद दो बच्चे भी केमिकल की चपेट में आ गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला और दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। महिला को निजी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में घटना के पीछे विवाद और हमले के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हमले की पहले से थी तैयारी या अचानक वारदात, जांच जारी
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्र ने बताया कि आरोपी ने महिला पर बैटरी के केमिकल से हमला किया था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वारदात की पहले से योजना बनाई थी या गुस्से में अचानक हमला किया। इसके अलावा केमिकल आरोपी को कहां से मिला और दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है।