रायपुर में रामगोपाल अग्रवाल और अनूप अग्रवाल के ठिकानों पर कार्रवाई; धमतरी में भी दबिश, दुर्ग में रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स के पार्टनरों के घर जांच
धमतरी। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार सुबह रायपुर, धमतरी और दुर्ग-भिलाई में कई ठिकानों पर ED की टीमों ने एक साथ दबिश दी। अधिकारियों ने संबंधित परिसरों में दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य कागजात खंगाले। कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
रायपुर के अनुपम नगर स्थित कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के निवास पर ED की टीम पहुंची। धमतरी में सिहावा रोड स्थित उनके घर पर भी जांच की जा रही है। रामगोपाल अग्रवाल का नाम शराब के साथ कोल और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब आठ दिन पहले ED ने उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।
कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर भी पहुंची टीम
रायपुर के रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के आवास पर भी ED ने कार्रवाई की। उन्हें रामगोपाल अग्रवाल का करीबी बताया जाता है। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों की कार्रवाई के दौरान घर के अंदर किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।
दुर्ग में बिल्डर्स के पार्टनरों के घर जांच
दुर्ग में रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स के पार्टनर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के आवास पर भी ED की टीम पहुंची। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच पहुंची टीम में लगभग पांच अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच जारी है। हालांकि, इन परिसरों में कार्रवाई किस मामले से संबंधित है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
जांच का दायरा बढ़ा: अलग-अलग शहरों में एक साथ हुई कार्रवाई से माना जा रहा है कि ED संबंधित मामलों में वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजी कड़ियों की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई के संबंध में एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।