पाटन में नर्सरी की ओर ले जाकर करीब आधे घंटे तक मारपीट का आरोप; सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटें
दुर्ग-भिलाई। पाटन में शराब दुकान के बाहर शुरू हुआ विवाद युवक की जान पर भारी पड़ गया। शराब दुकान के अहाते में काम करने वाले 22 वर्षीय रुपेश वर्मा के साथ मारपीट की गई। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए रुपेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है।
रुपेश ग्राम फुंडा का रहने वाला था और पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था। बुधवार को वह अपने काम पर था। इसी दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा। किसी बात को लेकर युवक और रुपेश के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया। आरोप है कि वहां करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई।
सिर और सीने में गंभीर चोटें
मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और गुप्तांग में चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को पाटन अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चीचा के युवक पर संदेह
पुलिस के अनुसार, मारपीट में शामिल संदिग्ध युवक ग्राम चीचा का रहने वाला बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उसके नशे का आदी होने की बात कही है। घटना के समय उसके नशे में होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मौत की वजह स्पष्ट करने पोस्टमार्टम
112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची है। पुलिस विवाद की वजह, मारपीट में शामिल अन्य लोगों और युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।