50 पदों के लिए 19 अप्रैल को हुई थी लिखित परीक्षा, अब शारीरिक मापदंड परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन की तैयारी
रायपुर। परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षकों के 50 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और पात्रता के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चिन्हित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों का शारीरिक मापदंड परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है।
परिवहन विभाग की ओर से परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी किया गया था। इसके तहत 19 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। व्यापमं से परीक्षा परिणाम प्राप्त होने के बाद अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों और निर्धारित पात्रता के आधार पर 250 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है।
अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि चिन्हित अभ्यर्थियों का अब शारीरिक मापदंड परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही उनके शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी होगा। चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बुलावा पत्र परिवहन विभाग की वेबसाइट cgtransport.gov.in तथा परिवहन आयुक्त कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ा रही है। परिवहन विभाग में 50 पदों पर होने वाली इस भर्ती से चयनित युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।