सेंसेक्स 50 अंक मजबूत, निफ्टी में 20 अंकों की तेजी; एशियाई बाजारों का रुख मिला-जुला
मुंबई (ए)। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हुई। सेंसेक्स करीब 50 अंक की बढ़त के साथ 77,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 20 अंक मजबूत होकर 24,250 के आसपास पहुंच गया। बाजार को एशियाई शेयर बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले, जबकि पिछले सत्र में घरेलू बाजार में अच्छी तेजी दर्ज की गई थी।
शुरुआती कारोबार में दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.98% की तेजी रही। हांगकांग का हैंगसेंग 0.76% ऊपर रहा, जबकि जापान के निक्केई में 0.37% की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को कमजोरी रही। डाउ जोन्स 704 अंक लुढ़क गया। नैस्डैक में 264 अंक और S&P 500 में 67 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी बाजार को सहारा दे रही है। पिछले सात दिनों में DII ने 15,192 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। हालांकि, इसी दौरान विदेशी निवेशकों ने 1,059 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की। इससे पहले 20 अगस्त को बाजार में जोरदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 628 अंक की छलांग लगाकर 77,538 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 154 अंक चढ़कर 24,232 के स्तर पर पहुंचा था।