आशुतोष रांका ने भाजपा पर लगाया मारपीट का आरोप, गाड़ियों पर पथराव और समर्थकों से बदसलूकी का दावा
जयपुर (ए)। जयपुर के बगरू इलाके में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को जमकर विवाद हुआ। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम के गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने विरोध किया। मामला बढ़ने पर मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई। रांका ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई नहीं होने पर पूरे राजस्थान में आंदोलन की चेतावनी दी है।
रांका का कहना है कि वे सुबह करीब 10 बजे बगरू के रामपुरा कंवरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें और उनके साथियों को घेर लिया और कथित रूप से मारपीट कर वहां से जाने पर मजबूर किया। उनकी गाड़ियों पर पथराव किया गया और वाहनों के शीशे तोड़े गए। रांका ने एक महिला समर्थक से मारपीट, मोबाइल तोड़े जाने और उनकी शर्ट फाड़े जाने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक टीम के एक सदस्य का हाथ भी फ्रैक्चर हुआ है।
घटना के बाद रांका ने इसे भाजपा की गुंडागर्दी बताते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 48 घंटे के भीतर हमलावरों की गिरफ्तारी और स्कूल निरीक्षण रोकने के आदेश को वापस लिया जाए। ऐसा नहीं होने पर राजस्थानभर में आंदोलन करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने की चेतावनी दी।
विवाद की शुरुआत इससे पहले ही हो गई थी। सुबह करीब 8 बजे CJP के कुछ कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की हुई। ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर कर दिया। इसके बाद ग्रामीण सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए और CJP के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर ग्रामीणों ने रास्ता घेर लिया और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।