इंस्टाग्राम के दो अकाउंट से अश्लील और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप, संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस
रायपुर। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है और उनके संचालकों की पहचान करने में जुटी है।
श्याम नगर, तेलीबांधा निवासी अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार पोस्ट और वीडियो साझा किए जा रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इनमें छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र एवं अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से संबंधित वीडियो भी साझा किए गए, जिन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संबंधित लोगों की छवि प्रभावित करने तथा गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया गया।
अकाउंट संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस
अमन यादव ने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियों की जांच करने, उन्हें संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि आलोचना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार अपनी जगह है, लेकिन जानबूझकर भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना अलग विषय है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान तथा पोस्ट के प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।