ओमान में हिरासत में कथित महादेव ऐप किंगपिन का दावा- सुरक्षा मिली तो सट्टा नेटवर्क, राजनीतिक कनेक्शन और लेन-देन की जानकारी दूंगा
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर ने भारत लाए जाने से पहले अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। ओमान पुलिस के अधिकारियों के सामने उसने कथित तौर पर कहा है कि भारत की जेल में उसकी जान को खतरा हो सकता है। चंद्राकर ने दावा किया कि पर्याप्त सुरक्षा मिलने पर वह भारतीय जांच एजेंसियों को सट्टा नेटवर्क से जुड़े राजनीतिक संपर्कों, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों के बारे में जानकारी देने को तैयार है।
जानकारी के मुताबिक, चंद्राकर ने भारत लौटने के बाद सक्षम जांच एजेंसियों और अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने की इच्छा जताई है। उसने यह भी मांग की है कि उसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से अलग रखा जाए, ताकि वह बिना किसी दबाव के जांच एजेंसियों को जानकारी दे सके।
परिवार की सुरक्षा की भी मांग
चंद्राकर ने अपनी सुरक्षा के साथ परिवार की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया है। उसने आशंका जताई है कि मामले से जुड़े प्रभावशाली लोगों की वजह से उसे या उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। पूछताछ के दौरान न्यायिक निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक व दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
ओमान में हिरासत, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया
सौरभ चंद्राकर फिलहाल ओमान में हिरासत में है। इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। भारतीय एजेंसियां उसे देश वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं। हालांकि, ओमान में भी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है, जिसे उसने वकील के माध्यम से चुनौती दी है।
चंद्राकर की ओर से सुरक्षा की मांग किए जाने से उसके खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई पर कोई स्वत: छूट नहीं मिलती। उसके दावों और संभावित खुलासों की जांच संबंधित एजेंसियां स्वतंत्र रूप से करेंगी। अपराध से जुड़े साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।