NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं में भिड़ंत के बाद हॉस्टल में पुलिस तैनात; दोनों संगठनों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को पुणे में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले शुक्रवार रात COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। झड़प के बाद पुलिस ने हॉस्टल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी। मामले में छह नामजद लोगों समेत करीब 50-60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुणे (ए)। राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे। कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही यूनिवर्सिटी हॉस्टल में दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया।
ABVP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। संगठन का दावा है कि इसी मुद्दे को लेकर हॉस्टल परिसर में विवाद बढ़ा।
वहीं NSUI ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि कार्यक्रम के समर्थन में अपनी बात रखने वाली दो छात्राओं को ABVP के सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और बाद में झड़प हो गई।
हॉस्टल में पुलिस की तैनाती
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हॉस्टल परिसर में पहुंचकर स्थिति संभाली। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने ABVP के एक छात्र के साथ मारपीट के मामले में छह नामजद आरोपियों और करीब 50-60 NSUI व यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पहले भी छात्रों से संवाद कर चुके हैं राहुल
राहुल गांधी इससे पहले कोटा, देहरादून और प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम कर चुके हैं। कोटा में 17 जून, देहरादून में 17 जुलाई और प्रयागराज में 8 अगस्त को हुए कार्यक्रमों में उन्होंने पेपर लीक, युवाओं के मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर चर्चा की थी। अब पुणे में भी वे छात्रों से सीधे बातचीत करेंगे।