पावर हाउस स्टेशन से अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार; BSF जवान को बनाया था निशाना, 12 ATM कार्ड समेत मोबाइल-सिम और नकदी बरामद
ट्रेन में अनजान यात्रियों से दोस्ती कर उनका ATM पिन देखना और मौका मिलते ही कार्ड चोरी कर खाते से रकम उड़ाना—इसी तरीके से वारदात करने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपी को रेलवे पुलिस ने पावर हाउस स्टेशन के पास गिरफ्तार किया है। आरोपी ने BSF जवान के चोरी किए ATM कार्ड से 75 हजार रुपए के सोने के झुमके खरीदे और अलग-अलग ATM से 22,500 रुपए नकद निकाले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 ATM कार्ड बरामद किए हैं।
दुर्ग-भिलाई। रेलवे यात्रियों के पर्स और ATM कार्ड चोरी कर खातों से रकम निकालने वाले आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू (34) को GRP ने गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह खासतौर पर सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाता था। दूर-दराज तैनाती के कारण जवानों को ATM कार्ड ब्लॉक कराने में समय लगने का फायदा आरोपी उठाता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, 12 ATM कार्ड और 3 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में कई राज्यों में यात्रियों के पर्स और ATM कार्ड चोरी करने की जानकारी सामने आई है।
दुर्ग स्टेशन पर हुई थी जवान से दोस्ती
मामला 18 अप्रैल 2026 का है। सेक्टर-6 निवासी BSF जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन पकड़ने की तैयारी के दौरान आरोपी ने उनसे बातचीत शुरू की और दोस्ती कर ली।
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपी ने कन्हैया का ATM पिन देख लिया। इसके बाद ट्रेन में चढ़ने की भीड़ का फायदा उठाकर उसने जवान का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में ATM कार्ड था। पिन पहले से पता होने के कारण आरोपी ने कार्ड का इस्तेमाल कर रकम निकालना शुरू कर दिया।
75 हजार के झुमके खरीदे, 22,500 नकद निकाले
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए ATM कार्ड से आरोपी ने करीब 75 हजार रुपए के सोने के झुमके खरीदे। इसके अलावा अलग-अलग ATM से 22,500 रुपए नकद निकाले गए। इस तरह कुल 97,500 रुपए की रकम निकाली या खर्च की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खरीदे गए सोने के झुमके बाद में ग्वालियर में 50 हजार रुपए में बेच दिए। पुलिस को आशंका है कि अन्य घटनाओं में भी आरोपी ने चोरी किए ATM कार्ड का इसी तरह इस्तेमाल किया है।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, सुनील के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों और शहरों में चोरी, जेबमारी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। करनाल, बेंगलुरु, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, दिल्ली निजामुद्दीन, जालंधर और हावड़ा सहित कई स्थानों पर उसकी गतिविधियां सामने आई हैं।
साइबर सुराग से पहुंची पुलिस आरोपी तक
कन्हैया भगत के बैंक खाते से रकम निकलने की शिकायत के बाद GRP ने जांच शुरू की। साइबर टीम और भिलाई-3 GRP चौकी की संयुक्त टीम ने बैंक लेन-देन, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों को जोड़ा। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास आरोपी को पकड़ लिया।