अहमदाबाद आई-हब में उद्यमिता दिवस का आयोजन; चेम्बर महामंत्री अजय भसीन ने कहा- युवा नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला भी बने
उद्यमिता दिवस के अवसर पर युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से अहमदाबाद स्थित आई-हब में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को विचार से उद्यम तक का सफर तय करने के साथ तकनीक, कौशल और वित्तीय समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन ने युवाओं से नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भिलाईनगर। उद्यमिता दिवस के अवसर पर सीईओ आई-हब की टीम ने चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में अहमदाबाद स्थित आई-हब में आयोजित उद्यमिता दिवस समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं को उद्यमिता, स्टार्टअप, नवाचार और भविष्य के कारोबारी अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हिरणमय महंता ने कहा कि किसी भी उद्यम की पहली सीढ़ी एक मजबूत विचार होता है। विचार को सही दिशा, मेहनत, नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाकर सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आने और उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
युवा रोजगार मांगने के बजाय रोजगार दें : भसीन
कार्यक्रम के विशेष अतिथि चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि उद्यमिता का अर्थ अपने करियर और लक्ष्यों की जिम्मेदारी स्वयं संभालना है। आज का युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने वाला भी बन सकता है।
उन्होंने कहा कि सफल उद्यम के लिए सकारात्मक सोच के साथ कौशल, तकनीकी जानकारी, वित्तीय समझ और उचित मार्गदर्शन जरूरी है। युवाओं को इन सभी क्षेत्रों में खुद को मजबूत बनाकर नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए।
स्टार्टअप इकोसिस्टम को करीब से समझा
कार्यक्रम में डॉ. जय ध्रुव, प्रांत संपर्क गुजरात भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और स्टार्टअप इकोसिस्टम की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और नए व्यवसाय शुरू करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम ने युवाओं में ‘सोचो, सीखो और अपना उद्यम खड़ा करो’ की भावना को मजबूत किया। आयोजन को युवाओं के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी बताया गया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।