Oplus_131072
सागर में आयोजित बैठक में 22 प्रांतों से पहुंचे करीब 220 प्रमुख कार्यकर्ता, आगामी कार्ययोजना पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श
सागर । स्वदेशी विचार को देश के जन-जन तक पहुंचाने और स्वदेशी मेलों के विस्तार को नई गति देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के सागर में अखिल भारतीय स्वदेशी मेला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रमुख कार्यकर्ताओं ने आगामी गतिविधियों और संगठन के विस्तार को लेकर मंथन किया।
बैठक में देशभर के 22 प्रांतों से लगभग 220 प्रमुख कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान स्वदेशी मेला के वर्तमान स्वरूप, विभिन्न क्षेत्रों में इसके विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, अखिल भारतीय सह-संगठक सतीश कुमार, अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रमुख सचिन्द्र कुमार बरियार, सह मेला प्रमुख साकेत सिंह राठौड़ तथा स्वर्णिम भारत वर्ष फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश कुमार चावला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वदेशी उत्पादों और स्वदेशी विचारधारा को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने, स्थानीय स्तर पर स्वदेशी मेलों को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने स्वदेशी को केवल आर्थिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्यम और राष्ट्रहित से जोड़कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
कार्यकर्ताओं को आगामी कार्ययोजना को लेकर मार्गदर्शन देते हुए विभिन्न प्रांतों में स्वदेशी मेला गतिविधियों के विस्तार तथा जनभागीदारी बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया गया। बैठक में हुए विचार-विमर्श के बाद आने वाले समय में स्वदेशी विचार को व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का संकल्प लिया गया।