आर्थर ऐश स्टेडियम में रॉडिक से सिंगल्स और मैकेनरो के साथ डबल्स खेलेंगे; 20 ग्रैंड स्लैम के चैंपियन ने 2022 में लिया था संन्यास
न्यूयॉर्क (ए)। टेनिस के महान खिलाड़ियों में शुमार रोजर फेडरर मंगलवार को एक बार फिर US ओपन के कोर्ट पर नजर आएंगे। 20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता करीब सात साल बाद न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में एग्जिबिशन मैच खेलेंगे। पहले मुकाबले में उनका सामना एंडी रॉडिक से होगा, जबकि इसके बाद वह जॉन मैकेनरो के साथ डबल्स में उतरेंगे। फेडरर के सामने रॉडिक और आंद्रे अगासी की जोड़ी होगी।
2019 में खेला था आखिरी US ओपन
फेडरर ने आखिरी बार 2019 US ओपन में हिस्सा लिया था। वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, जहां ग्रिगोर दिमित्रोव ने उन्हें हराया था। इसके बाद उन्होंने US ओपन में वापसी नहीं की। 2021 में विंबलडन उनका आखिरी ग्रैंड स्लैम रहा और 2022 में उन्होंने पेशेवर टेनिस को अलविदा कह दिया।
लगातार पांच बार जीता खिताब
US ओपन फेडरर के करियर का अहम पड़ाव रहा है। उन्होंने 2004 से 2008 तक लगातार पांच बार पुरुष सिंगल्स का खिताब जीता। ओपन एरा में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह इकलौते पुरुष खिलाड़ी हैं।
चार पूर्व चैंपियन एक कोर्ट पर
एग्जिबिशन में फेडरर, रॉडिक, अगासी और मैकेनरो जैसे चार पूर्व US ओपन चैंपियन आमने-सामने होंगे। फेडरर ने कहा कि लंबे समय बाद पूरा सेट खेलने को लेकर वह थोड़ा नर्वस हैं, लेकिन न्यूयॉर्क लौटकर प्रशंसकों के सामने खेलने को लेकर उत्साहित भी हैं।
प्रोफेशनल टेनिस में वापसी नहीं
फेडरर ने साफ किया है कि एग्जिबिशन मैच के बावजूद वह पेशेवर टेनिस में वापसी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका शरीर अब शीर्ष स्तर के प्रोफेशनल टेनिस के लिए तैयार नहीं है। शनिवार को उन्हें इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा।