हटकेश्वरनाथ मंदिर के पास वारदात, जान से मारने की धमकी देकर भागे; एक आरोपी अब भी फरार
रायपुर। राजधानी में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। डीडीनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक को घेरकर पहले गाली-गलौज की और फिर हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है।
मंदिर जाने के दौरान घेरा
पुलिस के मुताबिक बलराम साहू (38) 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल से रायपुरा स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर, महादेव घाट जाने के लिए निकला था। मंदिर के गेट के पास बाइक खड़ी करने के बाद जैसे ही वह वापस आया, आरोपियों ने उसे घेर लिया।
विरोध करने पर की मारपीट
आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर बलराम से विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में बलराम की नाक और दाहिने पैर में चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
बलराम ने 23 अगस्त को डीडीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर राज मिश्रा (22), यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा (22) और अभिषेक पटेल उर्फ सोनू (20) को गिरफ्तार किया गया।
तीनों न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और एक स्कूटी जब्त की है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।