24 कैरेट सोना ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम पर आया, चांदी का भाव ₹2.40 लाख प्रति किलो; सालभर में सोने के दाम में ₹25 हजार से ज्यादा उछाल
नई दिल्ली (ए)। रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले सराफा बाजार में सोने-चांदी की चमक कुछ फीकी पड़ी है। 27 अगस्त को दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोना 2,860 रुपए घटकर 1.58 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसी तरह चांदी की कीमत 2,791 रुपए कम होकर 2.40 लाख रुपए प्रति किलो रह गई।
इस साल सोना करीब ₹25 हजार महंगा
कीमतों में रोजाना उतार-चढ़ाव के बावजूद इस साल सोने ने मजबूत बढ़त दर्ज की है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपए का था, जो अब बढ़कर 1.58 लाख रुपए हो गया है। यानी साल की शुरुआत से इसमें करीब 25 हजार रुपए की तेजी आ चुकी है।
चांदी भी साल की शुरुआत से ऊपर
चांदी का भाव भी पिछले साल के मुकाबले ऊंचा बना हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी 2.30 लाख रुपए थी, जबकि अब इसका भाव 2.40 लाख रुपए पहुंच गया है।
जनवरी में दोनों ने बनाया था रिकॉर्ड
इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था। इसी दिन चांदी ने भी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था।