सितंबर में राजकोट में होंगे तीन मुकाबले; कूच बिहार ट्रॉफी में 297 रन की पारी से सुर्खियों में आए थे आर्यवीर
नई दिल्ली (खेल डेस्क)। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों के बेटों ने जूनियर स्तर पर टीम इंडिया में साथ दस्तक दी है। पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर में होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी वनडे टीम में जगह मिली है। दोनों ही खिलाड़ी मल्टी-डे मुकाबलों की टीम का हिस्सा नहीं हैं।
राजकोट में होंगे तीनों वनडे
भारत और ऑस्ट्रेलिया की U-19 टीमों के बीच तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। तीनों मुकाबले राजकोट में होंगे और सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे।

297 रन की पारी से बनाई पहचान
दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेल रहे हैं। इससे पहले 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने मेघालय के खिलाफ 297 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का प्रदर्शन किया था।
श्रीलंका दौरे पर 87 रन बना चुके हैं अन्वय
विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ को भी टीम में बरकरार रखा गया है। उन्होंने जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भारत की U-19 टीम की ओर से खेलते हुए 87 रन की पारी खेली थी। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में आर्यवीर और अन्वय एक साथ भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे।
मल्टी-डे टीम में बदलेगी कप्तानी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए यशवर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे। पहला मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में खेला जाएगा। आर्यवीर और अन्वय दोनों को इस टीम में जगह नहीं मिली है।