चारों तरफ बहता रहा पानी और मलबा, इमारतें हुईं तबाह; छत से टी-शर्ट लहराकर रेस्क्यू टीम को बुलाया
काठमांडू (ए)। नेपाल में अचानक आई बाढ़ की भयावह तस्वीरों के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें चारों ओर तबाही के बावजूद एक मकान मजबूती से खड़ा नजर आ रहा है। कई फीट ऊंचे पानी और मलबे के तेज बहाव के बीच घर की बालकनी में तीन लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। आसपास की इमारतें और मलबा पानी के साथ बह रहे हैं, लेकिन यह मकान सुरक्षित बचा रहा।
वीडियो में कीचड़ और मलबे से भरा पानी बेहद तेज गति से बहता दिखाई देता है। बालकनी में मौजूद तीनों लोग इस भयावह स्थिति के बीच शांत नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो नेपाल के किस इलाके का है, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बाढ़ का पानी और मलबा कम होने के बाद घर की छत पर मौजूद एक व्यक्ति ने टी-शर्ट हवा में लहराकर राहत एवं बचाव दल का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश की। वीडियो में बाढ़ की ताकत और उसके बाद इलाके में हुई तबाही साफ दिखाई देती है।
नेपाल में 633 लोगों की मौत
नेपाल पुलिस के अनुसार बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में अब तक 633 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 2,500 लोग लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। लापता लोगों में 320 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए गए हैं।
चीन की तरफ 400 भारतीय फंसे
विदेश मंत्रालय के अनुसार चीन की ओर करीब 400 भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं और सभी सुरक्षित हैं। उन्हें भारत वापस लाने के लिए चीनी अधिकारियों के साथ संपर्क किया जा रहा है। अब तक 153 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं।