आज से नई दरें लागू; दिल्ली में कीमत ₹86.98 प्रति किलो पहुंची, इस साल पांचवीं बार बढ़ोतरी
नई दिल्ली (ए)। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी के दाम ₹3.89 प्रति किलो बढ़ा दिए हैं। नई दरें शनिवार सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत ₹83.09 से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलो हो गई है।
इस साल सीएनजी की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। बढ़े हुए दामों का सीधा असर ऑटो, टैक्सी, बस संचालकों और मालवाहक वाहनों पर पड़ेगा, जिससे परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है।
एनसीआर के शहरों में नई कीमतें
नई दरों के अनुसार नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी ₹95.59 प्रति किलो, मेरठ में ₹95.47 और गुरुग्राम में ₹92.01 प्रति किलो हो गई है। विभिन्न राज्यों में वैट दर अलग होने के कारण सीएनजी की कीमतें भी अलग-अलग रहती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर
आईजीएल के मुताबिक, एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) के आयात की लागत बढ़ने, वैश्विक गैस कीमतों में तेजी और घरेलू मांग बढ़ने से कंपनी की लागत में इजाफा हुआ है। पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें बढ़ी हैं।
महंगी एलएनजी से बढ़ा दबाव
कंपनी का कहना है कि देश में सीएनजी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आयातित स्पॉट एलएनजी पर निर्भरता बढ़ी है। आयात लागत बढ़ने का असर उपभोक्ताओं तक पहुंचा है। हालांकि, आईजीएल का दावा है कि पेट्रोल और डीजल की तुलना में सीएनजी अब भी किफायती ईंधन बनी हुई है।