ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्ड कप तक कप्तान रहने की थी उम्मीद, टीम से बाहर किए जाने पर भी बोले- फैसला टीम के हित में होगा
नई दिल्ली (ए)। भारत के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी से हटाए जाने और बाद में टीम से बाहर किए जाने को लेकर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि फैसला उनके लिए अप्रत्याशित था और करीब डेढ़ महीने तक वह इसी सवाल का जवाब तलाशते रहे कि आखिर ऐसा कैसे हो गया। उन्हें उम्मीद थी कि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम की कमान संभालेंगे।
आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें टीम की कप्तानी लंबे समय तक करने की उम्मीद थी। लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बना दिया। इसके बाद इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टीम में भी उनका चयन नहीं हुआ।
टीम में नाम नहीं आया तो खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखा
सूर्यकुमार ने कहा कि जब टीम में उनका नाम नहीं आया तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करने के बजाय खुद को चयनकर्ताओं की जगह रखकर स्थिति को समझने की कोशिश की। उन्होंने सोचा कि चयनकर्ता भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनसे आगे क्यों बढ़ना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि टीम की घोषणा से करीब तीन दिन पहले चयन समिति ने उनसे बात की थी। उन्हें बताया गया कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में उनका नाम नहीं होगा और अब आगे बढ़ने का समय है।
सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने इस फैसले पर कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी। उनका मानना था कि यदि चयनकर्ताओं ने यह निर्णय लिया है तो निश्चित तौर पर उन्हें टीम के भविष्य के लिए बेहतर लगा होगा।
बोले- बुलाएंगे तो फिर खेलने आ जाऊंगा
सूर्यकुमार ने चयनकर्ताओं से कहा था कि उन्हें जो फैसला लेना था, उन्होंने ले लिया है और उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट खेलते रहेंगे और जब चयनकर्ताओं को लगेगा कि उन्हें वापस बुलाने का सही समय है, तब वह उपलब्ध रहेंगे।
मुश्किल पलों में खुद को रखा शांत
सूर्या ने बताया कि टीम से बाहर होने के बाद भी उन्होंने खुद को सकारात्मक बनाए रखा। मैच देखते समय जब दबाव की स्थिति आई तो उन्होंने खुद को शांत रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके साथ ऐसा फैसला होगा, लेकिन उन्होंने अपने करियर में मिले मौकों के लिए आभार जताया।
कप्तानी में भारत का शानदार रिकॉर्ड
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 52 टी-20 मुकाबले खेले, जिनमें 42 में जीत मिली, 8 में हार हुई और 2 मैच बेनतीजा रहे। उनका जीत प्रतिशत 80.76 रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी-20 वर्ल्ड कप भी जीता।