शराब दुकान में लाइन को लेकर खूनी विवाद, भांजे से गाली-गलौज रोकना भाई को पड़ा भारी; दुर्ग में बिरयानी खाकर लौट रहे युवक पर चाकू-पत्थर से हमला
बिलासपुर/दुर्ग। रक्षाबंधन का त्योहार जहां प्रदेशभर में भाई-बहन के प्रेम और खुशियों के साथ मनाया जा रहा था, वहीं छत्तीसगढ़ के दो जिलों में अलग-अलग विवादों ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। बिलासपुर और दुर्ग में हुई तीन अलग-अलग वारदातों में तीन युवकों की हत्या कर दी गई। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो हत्याएं हुईं, जबकि दुर्ग के सिटी कोतवाली क्षेत्र में बिरयानी खाकर घर लौट रहे युवक पर चाकू और पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली गई। दुर्ग मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बिलासपुर की दोनों घटनाओं में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

शराब दुकान में लाइन को लेकर विवाद, युवक की हत्या
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी में शराब दुकान के बाहर लाइन में लगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बताया गया कि 28 अगस्त की शाम राकेश प्रजापति (35) शराब खरीदने के लिए दुकान पहुंचा था। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राकेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एएसपी पंकज पटेल के अनुसार, शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ उसकी तलाश की जा रही है।
भांजे को गाली देने से रोका तो भाई ने सब्बल से कर दी हत्या
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ही हरदीकला टोना गांव में पारिवारिक विवाद ने एक भाई की जान ले ली। यहां सुभाष कुर्रे की उसके छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे ने कथित तौर पर सब्बल से हमला कर हत्या कर दी
बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुदर्शन नशे की हालत में अपने भांजे से गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान सुभाष ने उसे ऐसा करने से रोका। बात बढ़ने पर सुदर्शन ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच गुस्से में उसने सब्बल से सुभाष के सिर पर वार कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल सब्बल बरामद कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

बिरयानी खाकर लौट रहे दोस्तों से विवाद, युवक पर चाकू-पत्थर से हमला
दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की रात हुई हत्या ने भी सनसनी फैला दी। धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ बिरयानी खाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान चंडी मंदिर नयापारा रोड पर कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर उनका विवाद हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास चाकू देखकर वे पीछे हट गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। धन्ना के दोनों दोस्तों ने उसे ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
तीन घटनाओं ने खड़े किए सुरक्षा को लेकर सवाल
रक्षाबंधन जैसे पर्व की रात कुछ घंटों के भीतर हुई तीन हत्याओं से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा। तीनों मामलों में विवाद की शुरुआत मामूली बातों को लेकर हुई, लेकिन देखते ही देखते घटनाएं हत्या तक पहुंच गईं। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।