चिमनी भट्टा में 40 और शारदा विहार में 12 से ज्यादा घर प्रभावित; मध्य-उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। कोरबा में लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नालियां और नाले उफनने से गंदा पानी घरों में घुस गया। सबसे ज्यादा परेशानी आरपी नगर, चिमनी भट्टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार के रहवासियों को हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
कई घरों में घुसा नाले का पानी
कोरबा नगर निगम क्षेत्र के चिमनी भट्टा में करीब 40 घर बारिश के पानी से प्रभावित हुए हैं। शारदा विहार अटल आवास में भी 12 से अधिक घरों में नाले का गंदा पानी पहुंच गया। अमरैया पारा में पानी घरों के कमरों और किचन तक पहुंचने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
हर साल बनती है जलभराव की स्थिति
वार्ड नंबर 14 के चिमनी भट्टा और अमरैया पारा में जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश के दौरान हर साल इन इलाकों में पानी जमा होने की शिकायत सामने आती है। इस बार भी लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए।
दो दिन और जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से बारिश तेज रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम है।