‘मन की बात’ में पीएम ने बताया- इस बार 8 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड; एवोकाडो की बढ़ती मांग से किसानों को फायदा, गंगा सफाई और मिशन शक्तिसैट का भी जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाला कंटेंट तैयार करने को कहा। पीएम ने देशभक्ति से जुड़े ‘तिरंगा सेल्फी’ अभियान, दुनिया भर में तिरंगे के प्रसार, गंगा घाटों की सफाई, छात्राओं के अंतरिक्ष कार्यक्रम और एवोकाडो की खेती जैसे विषयों का भी उल्लेख किया।
नई दिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे नए और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाने का माध्यम बन गया है। कार्यक्रम के 137वें एपिसोड में उन्होंने युवाओं की रचनात्मक क्षमता को सामाजिक बदलाव से जोड़ने पर जोर दिया।
नशे के खिलाफ डिजिटल मुहिम चलाएं युवा
पीएम ने युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि युवा नशे के नुकसान को लेकर जागरूकता पैदा करने वाली सामग्री तैयार करें। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया।
8 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी
मोदी ने बताया कि इस बार तिरंगा सेल्फी अभियान में 8 करोड़ से ज्यादा सेल्फी अपलोड की गईं। उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल का भी जिक्र किया। फिजी के सुवा में सूर्य की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराए जाने के बाद एशिया, अफ्रीका और यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों और चौकियों पर तिरंगा लहराया गया।
एवोकाडो की खेती से किसानों को नई कमाई
प्रधानमंत्री ने देश में एवोकाडो की बढ़ती मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान इसकी खेती से बेहतर आय हासिल कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने करीब 4 टन एवोकाडो का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में इसकी आपूर्ति की।
युवाओं ने चार गंगा घाटों को संवारा
मोदी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के आकाश और रोहन के प्रयासों की सराहना की। दोनों ने ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम बनाकर युवाओं को जोड़ा और चार गंगा घाटों की सफाई की। इसके अलावा कई तालाबों को संवारा गया और एक टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरा हटाया गया।
108 देशों की छात्राओं तक पहुंचा मिशन शक्तिसैट
पीएम ने कहा कि बेटियों की वैज्ञानिक प्रतिभा अब अंतरिक्ष तक पहुंच रही है। उन्होंने ‘मिशन शक्तिसैट’ का उल्लेख करते हुए बताया कि 108 देशों की करीब 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। 23 अगस्त के नेशनल स्पेस डे के मौके पर ग्रेटर नोएडा में भी इसकी झलक देखने को मिली।
उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी का जिक्र
प्रधानमंत्री ने महान अभिनेता उत्तम कुमार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 3 सितंबर को उनकी जन्मशताब्दी मनाई जाएगी। पीएम ने बताया कि सत्यजीत रे ने फिल्म ‘नायक’ की पटकथा उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। उन्होंने शुरुआती असफलताओं के बावजूद अभिनेता के संघर्ष और लगातार प्रयासों को याद किया।
‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे
मोदी ने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति की भावना से जुड़ा है। इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण इसका महत्व और बढ़ गया है।