18 सितंबर की BCCI AGM में होगा निर्वाचन; धूमल-मजूमदार के सामने निर्विरोध वापसी का रास्ता साफ, 8 सितंबर को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में दो अहम पदों के लिए चुनाव का बिगुल बज गया है। बीसीसीआई चुनाव अधिकारी ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है और 18 सितंबर को होने वाली AGM में चुनाव कराया जाएगा। मौजूदा चेयरमैन अरुण सिंह धूमल और सदस्य खैरुल जमाल मजूमदार के दोबारा चुने जाने की संभावना है। दोनों के खिलाफ कोई अन्य उम्मीदवार नहीं आता है तो उनका निर्वाचन निर्विरोध हो सकता है।
मुंबई (ए)। इंडियन प्रीमियर लीग की संचालन परिषद में दो सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीसीसीआई चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने संविधान के नियम 28 के तहत चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। हिमाचल प्रदेश के अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के खैरुल जमाल मजूमदार इस चुनाव में फिर अपनी दावेदारी पेश करेंगे। धूमल फिलहाल काउंसिल के चेयरमैन हैं, जबकि मजूमदार सदस्य की भूमिका में हैं। दोनों का कार्यकाल एक साल का होने के कारण उन्हें दोबारा चुनाव में उतरना जरूरी है।
नामांकन के लिए दो दिन
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 9 और 10 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 12 सितंबर को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची सामने आएगी। 18 सितंबर को BCCI की सालाना आम बैठक में चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
काउंसिल में सात सदस्य
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में सात सदस्य होते हैं। इनमें चार सदस्य बीसीसीआई की जनरल बॉडी से चुने जाते हैं। दो सदस्यों का चुनाव AGM के जरिए होता है, जबकि अन्य दो पदों पर सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट शामिल हैं। इसके अलावा बीसीसीआई के सीईओ, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधि और कैग की ओर से नामित सदस्य भी काउंसिल में रहते हैं।
वोटर लिस्ट पर भी प्रक्रिया जारी
AGM में मतदान करने वाले राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों की सूची तैयार की जा रही है। बीसीसीआई के पूर्ण सदस्यों से अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम भेजने को कहा गया है। राज्य संघों के प्रतिनिधियों के नामांकन की प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हुई थी। 31 अगस्त तक नाम भेजे जा सकेंगे। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों की जांच और निपटारे के बाद 8 सितंबर को अंतिम इलेक्टोरल लिस्ट जारी होगी।
अंडमान-निकोबार की सदस्यता पर भी चर्चा
वार्षिक आम बैठक में अंडमान-निकोबार क्रिकेट संघ को एसोसिएट सदस्य का दर्जा देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। 18 सितंबर को होने वाली यह बैठक बीसीसीआई की 95वीं AGM होगी।